
हाथरस 30 जुलाई । कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव मीतई की रहने वाली एक महिला ने अपने पति, जेठ, सास और पति के एक दोस्त पर मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम मीतई निवासी कीर्ति पुत्री सत्यवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे उसके पति सोनू पुत्र रामेश्वर, जेठ मलखान, सास किशन देवी निवासी ग्राम पापरी तथा पति का दोस्त सतेंद्र निवासी ग्राम परसौली उसके घर में घुस आए। आरोप है कि चारों ने उसके और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। मारपीट में घायल होने के कारण उसने पहले चिकित्सकीय उपचार कराया और उसके बाद 29 जुलाई 2026 को परिजनों के साथ कोतवाली चंदपा पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत चारों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






