
हाथरस 30 जुलाई । कोतवाली चंदपा क्षेत्र में एक दूध विक्रेता से तमंचे के बल पर लूटपाट किए जाने के मामले में घटना के 27 दिन बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गढ़ी परती बनारसी निवासी देवेश पुत्र तेजवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:15 बजे वह अपने गांव से हाथरस दूध देने जा रहा था। आरोप है कि मीतई बिजलीघर से पहले स्थित पेट्रोल पंप के पास श्यामू और विष्णु पुत्रगण हरिओम निवासी गढ़ी परती बनारसी, यश निवासी संटीकरा थाना चंदपा तथा एक अज्ञात व्यक्ति स्प्लेंडर और बुलेट मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और उसका रास्ता रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे लात मारकर बाइक से गिरा दिया और कनपटी पर तमंचा सटाकर मारपीट की। इसके बाद उसकी जेब में रखे 8 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। देवेश के अनुसार वह उक्त रुपये हाथरस के राकेश हलवाई को देने जा रहा था। घटना के दौरान आसपास खेतों में काम कर रही महिलाओं और अन्य लोगों ने शोर मचाकर बीच-बचाव किया, जिससे उसकी जान बच गई।
देवेश ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने थाने में शिकायत दी थी, लेकिन उस समय मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। बाद में 29 जुलाई 2026 को दोबारा तहरीर देने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। कोतवाली चंदपा प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






