
हाथरस 30 जुलाई। शहर की अक्रूर कॉलोनी में गाली-गलौज का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने विरोध करने पर लाठी-डंडों और सरिया से हमला कर दिया, जिसमें पिता समेत तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित हरिओम वार्ष्णेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोस में रहने वाले प्रवीण, विशाल, चंदू और राधा किशन उनके साथ गाली-गलौज कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी आक्रोशित हो गए और कथित रूप से लाठी-डंडों व सरिया से हमला कर दिया। इस हमले में उनके पिता सुरेश चंद्र वार्ष्णेय, भाई कैलाश वार्ष्णेय और आरित वार्ष्णेय घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






