Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 जुलाई । सावन कृपाल रूहानी मिशन के तत्वावधान में हुजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में 25 जुलाई 2026 से प्रारंभ हुए विशाल आध्यात्मिक सत्संग महोत्सव के छठे दिन मिशन की शाखा कृपाल आश्रम, गौशाला मार्ग, हाथरस में प्रातः एवं सायं दोनों पालियों में भव्य आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया गया। सत्संग का प्रसारण ऑडियो-वीडियो माध्यम से दयाल पुरुष संत दर्शन सिंह जी महाराज की अमृतवाणी के माध्यम से किया गया। अपने संदेश में महाराज जी ने श्रद्धालुओं को एक पूर्ण सतगुरु की शरण ग्रहण कर मानव जीवन को सफल एवं सार्थक बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केवल पूर्ण सतगुरु ही मनुष्य के जीवन को रूहानियत और प्रभु प्रेम से परिपूर्ण कर सकते हैं तथा मानव जीवन के वास्तविक उद्देश्य की प्राप्ति करा सकते हैं।

इसके पश्चात जट्टारी से पधारे सत्संगकर्ता श्री छेलबिहारी जी ने “ध्यान के माध्यम से जीवन में परिवर्तन” विषय पर अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पूर्ण सतगुरु से नामदान प्राप्त होने के पश्चात प्रत्येक साधक को प्रतिदिन ब्रह्ममुहूर्त में उठकर कम से कम ढाई घंटे भजन-ध्यान अवश्य करना चाहिए। प्रभु की याद में किया गया नियमित ध्यान मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है तथा मानसिक शांति, आत्मिक उन्नति और आध्यात्मिक विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।

कार्यक्रम के दौरान मथुरा से आए श्री महावीर सिंह जी ने अपने संगीतमय आध्यात्मिक भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर पूरे सत्संग हॉल को प्रभु प्रेम और भक्ति के भाव से सराबोर कर दिया। उनके भजनों पर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर प्रभु स्मरण में लीन हो गए। छठे दिन आयोजित इस आध्यात्मिक सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। शाखा हाथरस का सत्संग हॉल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। कार्यक्रम के समापन पर समस्त साध-संगत के लिए लंगर प्रसाद वितरित किया गया, जिसे सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और प्रेमपूर्वक ग्रहण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page