Hamara Hathras

Latest News

सासनी 30 जुलाई। सावन के पहले सोमवार से पूर्व कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आज उपजिलाधिकारी शिव प्रकाश यादव ने आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नई सब्जी मंडी के सामने बारिश के कारण हुए जलभराव का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़िए इस मार्ग से गुजरेंगे, इसलिए मार्ग पर किसी भी प्रकार का जलभराव या अवरोध नहीं रहना चाहिए। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों एवं नगर पंचायत सासनी के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार जैन ने भी मौके पर पहुंचकर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने आवश्यक संसाधन लगाकर पानी की निकासी कराने की कार्ययोजना बनाई तथा संबंधित कर्मचारियों को तत्काल नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। बारिश के चलते जहां भी जलभराव, सड़क क्षति या अन्य समस्याएं सामने आ रही हैं, उनका समय रहते समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page