Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 30 जुलाई। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शासन के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को नगर पालिका परिषद ने कांवड़ मार्गों पर विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया। अभियान का उद्देश्य कांवड़ियों को निर्बाध एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कासगंज रोड, एटा रोड सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान नालों, सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप मार्गों को पूरी तरह बाधामुक्त बनाया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि यदि किसी ने दोबारा अतिक्रमण किया या कांवड़ यात्रा में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान नगर पालिका कर्मियों के साथ पुलिस एवं तहसील प्रशासन की टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page