
हाथरस (मुरसान) 29 जुलाई। थाना क्षेत्र के गांव महामोनी में घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव महामोनी निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 27 जुलाई की शाम करीब छह बजे वह अपने घर पर खाना खा रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान गांव के सूरज और जितेंद्र सिंह उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद दोनों आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








