
हाथरस 29 जुलाई। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कैलोरा-जलेसर मार्ग स्थित हाजीपुर पुल पर मंगलवार दोपहर बारिश के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। ईंटों से लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर किसान के ऊपर पलट गया, जिससे ट्रॉली के नीचे दबकर उसकी जान चली गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक और उसके साथ मौजूद मजदूर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जलेसर की ओर से आ रहा ईंटों से लदा ट्रैक्टर तेज बारिश के बीच हाजीपुर पुल पर चढ़ रहा था। उसी दौरान पुल पर साइकिल से गुजर रहे किसान के पास से निकलते समय अधिक भार होने के कारण ट्रैक्टर का अगला हिस्सा हवा में उठ गया और वाहन पीछे की ओर बैक होने लगा। चालक ने नियंत्रण करने का प्रयास किया, लेकिन ट्रैक्टर पुल से नीचे सर्विस लेन में पलट गया। इस दौरान साइकिल सवार किसान ट्रॉली के नीचे दब गया और सिर कुचल जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की सहायता से ट्रॉली को हटवाकर किसान के शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान गांव पुन्नेर निवासी शिशुपाल सिंह (50) के रूप में हुई। बताया गया कि वह वर्तमान में अपने परिवार के साथ देवीनगर, हाथरस जंक्शन में रह रहे थे। मंगलवार सुबह वह खेत पर गए थे और कार्य समाप्त कर साइकिल से वापस घर लौट रहे थे। उनकी साइकिल पर टिफिन भी बंधा हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।








