Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 29 जुलाई। श्रवण गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में गांव नगला जलाल से 53वीं भव्य गंगा स्नान यात्रा एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के संयोजक सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ के नेतृत्व में लगभग 100 से अधिक बसों में सवार होकर हजारों श्रद्धालु मां गंगा के पावन स्नान के लिए रवाना हुए। यात्रा से पूर्व सूर्य प्रताप सिंह सूरज ने बसों का विधि-विधान से पूजन कर हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा वातावरण “हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। आयोजक सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ ने बताया कि वे पिछले लगभग पांच वर्षों से प्रत्येक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं को निःशुल्क गंगा स्नान कराने की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ एवं मां गंगा की कृपा से उन्हें यह सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा में शामिल होने वाले किसी भी श्रद्धालु से कोई शुल्क, रसीद या पर्ची नहीं ली जाती, बल्कि पूरी व्यवस्था सेवा और श्रद्धा की भावना से की जाती है, ताकि समाज के हर वर्ग के लोगों को मां गंगा के दर्शन एवं स्नान का अवसर मिल सके। यात्रा के साथ सुंदरकांड पाठ का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से सहभागिता की। आयोजकों ने सभी यात्रियों के लिए भोजन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इस अवसर पर मनु ठाकुर, अंकुर सिसोदिया, निखिल ठाकुर, विपिन यादव, विनोद यादव, अनुज पंडित, युवेंद्र, विनय, सत्यकांत सहित अनेक गणमान्य लोग एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page