
सासनी 29 जुलाई। श्री रामलीला कमेटी ने आगामी दशहरा मेले के सफल आयोजन को लेकर जिला एवं तहसील प्रशासन से समय रहते उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को दिया गया। कमेटी के अध्यक्ष लीलाधर शर्मा एवं मंत्री डॉ लोकेश शर्मा ने बताया कि सासनी में विगत लगभग 100 वर्षों से 21 दिवसीय श्री रामलीला महोत्सव एवं दशहरा मेले का आयोजन होता आ रहा है। पूर्व में रावण दहन एवं दशहरा मेला सासनी-इगलास मार्ग स्थित श्मशान भूमि पर आयोजित किया जाता था, लेकिन शासन द्वारा उक्त स्थल का सौंदर्यीकरण किए जाने के बाद नागरिक सुरक्षा के दृष्टिगत वहां आयोजन संभव नहीं हो सका। इसके बाद रामलीला कमेटी ने लगातार शासन-प्रशासन से पत्राचार किया, जिसके फलस्वरूप जिला एवं तहसील प्रशासन के सहयोग से पिछले तीन वर्षों से स्थानीय केएल जैन इंटर कॉलेज, सासनी के खेल मैदान में दशहरा मेले का सफल आयोजन कराया जा रहा है। कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष भी सितंबर माह में 21 दिवसीय श्री रामलीला महोत्सव का शुभारंभ होगा तथा अक्टूबर माह में विजयदशमी के अवसर पर दशहरा मेले एवं रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि समय रहते आयोजन स्थल चिन्हित कर उपलब्ध कराया जाए, ताकि सुरक्षा, यातायात, प्रशासनिक समन्वय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित कर भव्य एवं सुरक्षित आयोजन कराया जा सके। इस मौके पर श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष लीलाधर शर्मा, मंत्री डॉ लोकेश शर्मा, संरक्षक प्रदीप कुमार गुप्ता, सतीश चंद्र गुप्ता, धीरेन्द्र गाँधी आदि मौजूद रहे।










