Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 जुलाई। सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने नृत्य, समूहगान, संगीत एवं प्रेरक भाषणों के माध्यम से गुरु की महिमा का भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा, गुरु के प्रति सम्मान तथा कृतज्ञता के भाव को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण से ओत-प्रोत रहा। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बबीता सेठ ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु केवल ज्ञान का संचार ही नहीं करते, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, संस्कार और व्यक्तित्व का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन के बिना जीवन अधूरा है। उन्होंने ‘गुरु’ शब्द के गूढ़ अर्थ को सरल एवं प्रेरणादायक उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय का वातावरण श्रद्धा, भक्ति एवं गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना से सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page