हाथरस 27 जुलाई। जिला कांग्रेस कार्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी तोकीर आलम ने जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की संगठन समीक्षा बैठक ली। बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रीय सचिव तोकीर आलम ने सभी पदाधिकारियों से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस का सबसे बड़ा आधार उसका समर्पित कार्यकर्ता है और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाना होगा तथा पार्टी की जनहितकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंडित विवेक उपाध्याय ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर जनता की आवाज को मजबूती से उठाना होगा। उन्होंने कहा कि हाथरस में कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करती रहेगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार (ओ.के.) ने कहा कि शहर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सचिव तोकीर आलम के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है और सभी मिलकर कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष ब्रह्मदेव शर्मा, पूर्व शहर अध्यक्ष अशोक गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष संजीव अंधीवाल, जिला महासचिव कपिल सिंह, श्रीकृष्ण, नवीन उपाध्याय, हसीन खान, अब्बास हुसैन, अखलाक खान, नवेद भाई, जिला उपाध्यक्ष जैनुद्दीन, कर्पेंद्र चौहान, किशन गौतम, देवेंद्र शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष संतुन सेंगर, शहर उपाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार, वेदप्रकाश कर्दम, धर्मेंद्र गांधी, महासचिव जुनैद खान, सचिव राजकुमार, नाजिश खान, रोहन सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष राशिद अहमद, शहर अध्यक्ष सारिक वारसी, जिला सचिव हिमांशु सेंगर, छोटू उपाध्याय सहित जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा आगामी जनआंदोलनों और संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के संकल्प के साथ हुआ।








