हाथरस 27 जुलाई। निर्माण श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने और नियोक्ताओं को कुशल श्रमिक आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग ने ‘यूपी डिजिटल लेबर चौक’ मोबाइल एप लॉन्च किया है। इस एप के माध्यम से अब राजमिस्त्री, बढ़ई, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, पेंटर सहित अन्य निर्माण श्रमिकों को काम की तलाश में लेबर चौराहों पर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वहीं, ठेकेदार और निर्माण कार्य कराने वाले लोग भी अपनी आवश्यकता के अनुसार श्रमिकों से सीधे संपर्क कर सकेंगे। श्रम विभाग ने इस एप पर श्रमिकों एवं नियोक्ताओं का पंजीकरण शुरू कर दिया है। एप के जरिए निर्माण कार्य कराने वाले व्यक्ति या ठेकेदार अपनी आवश्यकता के अनुसार श्रमिकों की संख्या, कार्य का प्रकार, कार्यस्थल, मजदूरी और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज कर नौकरी पोस्ट कर सकेंगे। दूसरी ओर पंजीकृत श्रमिक अपने मोबाइल पर उपलब्ध कार्यों की जानकारी प्राप्त कर सीधे आवेदन कर सकेंगे, जिससे रोजगार प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी होगी।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी सतेंद्र मिश्र ने बताया कि यह डिजिटल व्यवस्था श्रमिकों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और अन्य सरकारी सुविधाओं की जानकारी भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगी। इससे श्रमिकों की आय बढ़ाने और उन्हें संगठित रोजगार से जोड़ने में सहायता मिलेगी। एप में श्रमिकों के लिए अलग मॉड्यूल तैयार किया गया है। पंजीकरण के दौरान उन्हें अपना नाम, मोबाइल नंबर, कौशल, कार्य अनुभव, पता, उपलब्धता तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। प्रोफाइल तैयार होने के बाद उन्हें उनके कौशल के अनुरूप रोजगार संबंधी जानकारी डैशबोर्ड पर उपलब्ध होगी। श्रमिक स्थान, मजदूरी और कार्य के प्रकार के आधार पर रोजगार तलाश सकेंगे। साथ ही जीपीएस आधारित मैप सुविधा के माध्यम से आसपास उपलब्ध कार्यों की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। वे अपने द्वारा किए गए आवेदनों की स्थिति भी एप पर देख सकेंगे।
वहीं, नियोक्ता और ठेकेदार भी मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर अपनी आवश्यकता के अनुसार नौकरी पोस्ट कर सकेंगे। वे कौशल, अनुभव और स्थान के आधार पर श्रमिकों की प्रोफाइल खोज सकेंगे तथा यह भी देख सकेंगे कि किसी नौकरी के लिए कितने श्रमिकों ने आवेदन किया है। आवश्यकता पड़ने पर नौकरी के विवरण में संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। हाथरस जनपद में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में लगभग 1.12 लाख निर्माण श्रमिक पंजीकृत हैं। श्रम विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को यूपी डिजिटल लेबर चौक एप से जोड़कर रोजगार प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।









