
हाथरस 26 जुलाई। सासनी थाना क्षेत्र के गांव सठिया में मोबाइल फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव सठिया निवासी कुलदीप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का ही आकाश आए दिन उसे, उसके परिजनों और रिश्तेदारों को गाली-गलौज करता है तथा जान से मारने की धमकी देता रहता है। आरोप है कि आरोपी ने मोबाइल फोन पर कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि उसी दिन शाम को आकाश ने डंडों से उसके भाई के साथ मारपीट कर दी, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। घटना के बाद परिजनों में दहशत का माहौल है। कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि यदि भविष्य में उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी आरोपी आकाश की होगी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





