Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 जुलाई। नगर पंचायत सभागार में अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई। इसमें नगर की सफाई व्यवस्था मुख्य मुद्दा रही, जिस पर सभासदों ने गंभीर आरोप लगाए। सभासदों ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारी उनकी बात नहीं मानते और नाले-नालियों तथा सड़कों की नियमित सफाई नहीं करते। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारी कूड़ा-कचरा इकट्ठा करने के बाद उसे नालियों में डाल देते हैं, जिससे वे चोक हो जाती हैं। बारिश में गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अधिकारी विकास जैन ने चारों जमादारों को बैठक में बुलाया और कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलाई माह का वेतन तैयार हो चुका है, लेकिन अगस्त माह का वेतन तभी जारी होगा जब संबंधित सभासद अपने वार्ड की सफाई व्यवस्था से संतुष्टि का लिखित प्रमाण देंगे। बैठक में नगर के विकास कार्यों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य लंबित होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब विकास कार्यों की गति नहीं रोकी जाएगी। अध्यक्ष, जेई और संबंधित सभासद वार्डों में जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद कार्ययोजना और एस्टीमेट तैयार कर विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे। रोडवेज बस स्टैंड के निकट नए यात्री प्रतीक्षालय का नाम पुनः ‘वीर गोकुला जाट यात्री प्रतीक्षालय’ रखने के प्रस्ताव को तीन सभासदों को छोड़कर सभी ने स्वीकृति दी। वहीं, जवाहर बाजार में गुणेश द्वार से आगरा चुंगी तक नवनिर्मित सड़क के दोनों किनारों पर सफेद पट्टी डलवाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। बैठक में राधा रमन अग्रवाल, अनुपम गुप्ता, दिनेश चंद्र वर्मा, नासिर खान, राजकुमार उर्फ कालू चौधरी, चंद्रकांत बधौतिया, दिनेश त्यागी, चरण सिंह सागर, रेखा वर्मा, शशि शर्मा, रेशमी देवी, रेशम पाल और हसीना बेगम सहित सभी सभासद मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page