Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 जुलाई। कस्बे की श्याम कुंज कॉलोनी में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। आज सुबह छत पर काम करते समय वह करंट लगने से नीचे गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। श्याम कुंज कॉलोनी निवासी राजकुमारी पत्नी ओमवीर सिंह अपने मकान की छत पर थीं। उनका हाथ ऊपर उठने पर पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और वे बुरी तरह झुलस गईं। करंट लगने के बाद वह छत से जमीन पर गिर गईं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राजकुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।।स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पूर्व में राजकुमारी के पति ओमवीर सिंह भी हादसे का शिकार हो चुके हैं। छत पर काम करते समय करंट लगने से उनका एक पैर खराब हो गया था। इसी इलाके के निवासी सूबेदार सिंह भी हाईटेंशन लाइन से करंट लगने की घटना का शिकार हो चुके हैं। कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि मकानों के बेहद करीब से गुजर रही यह हाईटेंशन लाइन लगातार जानलेवा साबित हो रही है। उन्होंने कई बार विद्युत विभाग से लाइन को हटाने या सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है, लेकिन अब तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page