
आगरा 26 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आगरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही उच्च शिक्षा विभाग और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिसके तहत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा के साथ-साथ ₹1.50 करोड़ तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में प्रदेशभर के 1.28 लाख से अधिक विश्वविद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों एवं स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में कार्यरत शिक्षकों तथा उनके आश्रित परिवारों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की शुरुआत करेंगे। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में ₹5 लाख तक के कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। कार्ड जारी होने के पहले दिन से ही लाभार्थी निर्धारित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।योजना के अंतर्गत अस्पताल में भर्ती होने से लेकर उपचार, दवाइयों और डिस्चार्ज तक का पूरा खर्च कैशलेस व्यवस्था के तहत वहन किया जाएगा। इसके अलावा सूचीबद्ध अस्पतालों में 1900 से अधिक उपचार पैकेज उपलब्ध होंगे, जिनमें कैंसर, हृदय रोग, किडनी संबंधी बीमारियों, जटिल सर्जरी सहित कई गंभीर रोगों का उपचार शामिल रहेगा। योजना का संचालन एसएसीएचआईएस (SACHIS) के माध्यम से किया जाएगा तथा आयुष्मान भारत की निर्धारित उपचार दरें लागू होंगी।
पीएनबी के साथ होने वाले एमओयू के तहत शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों को ₹1.50 करोड़ तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, ₹3 करोड़ तक का हवाई दुर्घटना बीमा, अस्पताल में भर्ती होने पर ₹60 हजार तक का अस्पताल नकद लाभ तथा ₹12 लाख तक का टर्म लाइफ बीमा कवर भी उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे शिक्षकों और कर्मचारियों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी।प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित करने की व्यवस्था की है। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शिक्षकों का पंजीकरण कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र शिक्षक और कर्मचारी इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।





