Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 जुलाई। सावन कृपाल रूहानी मिशन के तत्वावधान में हुजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल आध्यात्मिक महोत्सव का दूसरा दिन आज मिशन की शाखा कृपाल आश्रम, गौशाला मार्ग, श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। प्रातः एवं सायंकालीन पालियों में आयोजित सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। सत्संग के दौरान दयाल पुरुष संत दर्शन सिंह जी महाराज की अमृतवाणी का ऑडियो-वीडियो माध्यम से प्रसारण किया गया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि मानव जीवन को सार्थक बनाने के लिए पूर्ण सतगुरु की शरण आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पूर्ण सतगुरु ही मनुष्य को रूहानियत का वास्तविक मार्ग दिखाकर परमात्मा के प्रेम से जोड़ते हैं और आत्मा को उसके मूल लक्ष्य तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। इस अवसर पर आगरा से पधारीं मिशन की प्रीचर अनीता भदौरिया ने स्वामी जी महाराज की पावन वाणी का सार प्रस्तुत करते हुए हुजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज के प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि घड़ी की सुई की तरह हमारी प्रत्येक सांस निरंतर बीत रही है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यह आत्ममंथन करना चाहिए कि उसका जीवन किस दिशा में आगे बढ़ रहा है और क्या वह मानव जीवन के वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने रामचरितमानस की प्रसिद्ध चौपाई “बड़े भाग मानुष तन पावा, सुर दुर्लभ सब ग्रंथन गावा।।” का उल्लेख करते हुए कहा कि मानव जीवन ईश्वर की अमूल्य देन है। इस दुर्लभ अवसर का सदुपयोग करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं की पहचान कर परमात्मा की प्राप्ति के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। सत्संग के उपरांत बाल सत्संग के बच्चों ने आध्यात्मिक भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर पूरे सत्संग हाल को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। इसके बाद बाल सत्संग की शिक्षिकाओं एवं मुन्ना एंड कंपनी द्वारा प्रस्तुत रूहानी गजलें और नज़्मों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान सत्संग हाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और पूरे परिसर में आध्यात्मिक आस्था एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए लंगर प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे साध-संगत ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। पूरे आयोजन का समापन आध्यात्मिक ऊर्जा, सेवा और सद्भाव के संदेश के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page