हाथरस 13 अगस्त । नगर पालिका परिषद हाथरस और ईईएसएल बिजली कंपनी की ओर से शहर में लगाई गई स्ट्रीट लाइट सही तरीके से काम नहीं कर रही हैं । कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें खराब होने के बावजूद समय से मरम्मत नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा ही मामला नगर पालिका के वार्ड संख्या 12 स्थित आवासीय कॉलोनी आशीर्वाद गार्डन का सामने आया है। कॉलोनी के निवासी पहले से ही जलभराव और सड़क की समस्याओं से जूझ रहे हैं। अब रात के समय रोशनी देने वाली स्ट्रीट लाइट भी खराब होने से उनकी दिक्कत और बढ़ गई है। कॉलोनी निवासी एवं सहायक प्राध्यापक माधव शर्मा ने बताया कि उनके घर के सामने लगे बिजली के खंभे की स्ट्रीट लाइट करीब दो सप्ताह पूर्व खराब हो गई थी।
माधव शर्मा के अनुसार, उन्होंने समस्या के समाधान के लिए संबंधित ईईएसएल कंपनी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद कंपनी की ओर से 48 घंटे के भीतर समस्या का निस्तारण किए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी लाइट की समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। माधव शर्मा का कहना है कि उनकी शिकायत करीब एक सप्ताह से अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद हाथरस के स्तर पर लंबित है। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अभी तक खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक नहीं कराया गया है।
उन्होंने बताया कि अब वह जनसुनवाई पोर्टल पर समस्या का रिमाइंडर दर्ज कराने के साथ ही नगर विकास मंत्री को पत्र भेजकर मामले से अवगत कराएंगे। इसके अलावा जिलाधिकारी को भी संबंधित समस्या की जानकारी दी जाएगी। कॉलोनीवासियों का कहना है कि खराब स्ट्रीट लाइट के कारण रात में आवागमन में परेशानी होती है और अंधेरे के चलते सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। लोगों ने नगर पालिका और संबंधित बिजली कंपनी से जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराने की मांग की है।










