Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 25 जुलाई। कस्बे में आज पेपर लीक पर प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ता और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथरस रोड पर जुलूस निकाला। सुबह हाथरस रोड स्थित पूर्व विधायक के आवास से सैकड़ो की संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पदाधिकारी द्वारा निकाले गए जुलूस के शुरू होने के लगभग 100 मीटर बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प हुई। कार्यकर्ता कई बार पुलिस घेरा तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे। कई बार पुलिसकर्मियों ने जुलूस को रोकने की कोशिश की लेकिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता धक्का मुक्की करते हुए आगे बढ़ते रहे। पुलिस और मौके पर मौजूद पीएसी ने काफी मशक्कत के बाद टीवीएस एजेंसी के सामने जुलूस को रोक दिया। प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
सपा नेताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित अनियमितताओं की जांच कराने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज में जान गंवाने वाले छात्र-छात्राओं के परिजनों को मुआवजा देने की भी मांग की। प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं ने तहसीलदार सोनू बघेल को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज यादव, चौधरी भाजुद्दीन, जिला महासचिव जैनुद्दीन चौधरी, कैलाश ठेनुआ, रानू सिसोदिया, विजय सिंह, साकेत ठेनुआ, विपिन यादव, नेत्रपाल प्रधान, रजनीश कुशवाह और भगत सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। जुलूस और प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पुलिस उपाधीक्षक जेएन अस्थाना, कोतवाली प्रभारी विजय कुमार सिंह, योगेश कुमार, मयंक चौधरी सहित कई थानों का पुलिस बल और पीएसी के जवान मौके पर तैनात रहे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रदर्शन के दौरान हाथरस रोड पर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page