अलीगढ़ 24 जुलाई। मंगलायतन विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-3 एवं इकाई-5 के संयुक्त तत्वावधान में गांव बौना में वृहद पौधारोपण एवं जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डा. पूनम रानी के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में इकाई-3 के कार्यक्रम अधिकारी दीपक तथा इकाई-5 के कार्यक्रम अधिकारी डा. रामगोपाल सिंह के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने गांव में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही घर-घर जाकर ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने बताया कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से हरित वातावरण के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की। ग्रामीणों ने एनएसएस स्वयंसेवकों के इस सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।









