हाथरस 24 जुलाई। क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक स्कूली वाहन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाहन की सुरक्षा व्यवस्थाओं, आवश्यक दस्तावेजों तथा बच्चों के सुरक्षित आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वाहन में मौजूद स्कूली बच्चों से संवाद कर सड़क सुरक्षा के प्रति उनकी जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि यात्रा के दौरान हमेशा अपनी निर्धारित सीट पर बैठकर ही सफर करें और चलती बस में इधर-उधर न घूमें। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा सकती है। जिलाधिकारी ने बस चालक एवं परिचालक को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने वाहन का संचालन निर्धारित गति सीमा के भीतर तथा सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को सड़क पर अनुशासन बनाए रखने, वाहन में चढ़ते और उतरते समय सावधानी बरतने तथा चालक के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। साथ ही कहा कि सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए बच्चों, अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों सहित सभी का सहयोग आवश्यक है।










