Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 23 जुलाई। कस्बा सहपऊ में कोतवाली के सामने स्थित केनरा बैंक शाखा में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने फिल्मी अंदाज में चोरी का प्रयास किया। चोर बैंक की छत के रास्ते अंदर पहुंचे और छत के नीचे की दीवार काटकर बैंक में प्रवेश करने की कोशिश की। हालांकि वे कैश स्ट्रांग रूम तक नहीं पहुंच सके और बिना किसी नकदी के फरार हो गए। आज सुबह बैंक खोलने पहुंचे अधिकारियों और कर्मचारियों ने दीवार कटी हुई देखी तो हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और बैंक परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर रात के समय बैंक की छत पर पहुंचे और दीवार का बड़ा हिस्सा काटकर अंदर घुसने का प्रयास किया। लेकिन किसी कारणवश वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और कैश स्ट्रांग रूम तक पहुंचने से पहले ही मौके से भाग निकले। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही चोरों की पहचान के लिए आसपास के मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है। जांच के दौरान जनपद से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर अपनी जांच की। क्षेत्राधिकारी जेएन अस्थाना ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी के प्रयास का प्रतीत होता है। बैंक प्रबंधन से घटना की विस्तृत जानकारी ली गई है और अज्ञात चोरों के विरुद्ध जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। इस घटना के बाद बैंक कर्मचारियों और आसपास के व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बैंक सहित प्रमुख संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page