हाथरस 21 जुलाई। अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के तत्वावधान में दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित सम्मेलन में ऑल इंडिया डिफेंस इंप्लाइज फेडरेशन (AIDEF) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री एसएन पाठक ने श्रमिकों और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री पाठक ने कहा कि ट्रेड यूनियन अधिकारों में बदलाव के प्रयासों को रोकना आवश्यक है। उन्होंने श्रमिक अधिकारों की रक्षा के लिए सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करने तथा श्रमिक संगठनों की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। यहां तक कि गोला-बारूद और हथियार निर्माण जैसे रक्षा क्षेत्र के महत्वपूर्ण संस्थानों को भी निजी कंपनियों के हवाले किए जाने की प्रक्रिया जारी है, जो गंभीर चिंता का विषय है। श्री पाठक ने यह भी कहा कि श्रम कानूनों में व्यापक बदलाव किए जा रहे हैं, जिससे श्रमिकों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने श्रमिक संगठनों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहने का आह्वान किया। यह जानकारी ऑल इंडिया डिफेंस इंप्लाइज फेडरेशन (AIDEF) से जुड़े डॉ जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ द्वारा प्रेस को उपलब्ध कराई गई।








