
हाथरस 20 जुलाई। जिले के सहपऊ कस्बे के बाईपास स्थित डाकघर में रविवार रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर डाकघर के पीछे का जंगला तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखी एक पीओएस (POS) मशीन चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान चोरों ने पूरे कार्यालय को खंगालते हुए सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। डाकघर के पोस्टमास्टर विनीत बघेल ने बताया कि सोमवार सुबह जब उन्होंने कार्यालय खोला तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। पूरे डाकघर में सामान बिखरा हुआ था तथा अलमारियां और दरवाजे खुले पड़े थे। निरीक्षण के दौरान पता चला कि पीछे के जंगले की एक सरिया टूटी हुई फर्श पर पड़ी थी, जबकि दूसरी सरिया मुड़ी हुई थी। इसी रास्ते से चोर कार्यालय में दाखिल हुए थे। चोरों ने अलमारियां खोलकर उनमें रखा सामान इधर-उधर फैला दिया। आशंका जताई जा रही है कि वे नकदी की तलाश में थे, लेकिन डाकघर में रात के समय कोई नकदी नहीं रखी जाती है। इसी कारण बड़ी आर्थिक क्षति टल गई और चोर केवल पीओएस मशीन ही अपने साथ ले जा सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पोस्टमास्टर ने चोरी की जानकारी विभाग के उच्च अधिकारियों को भी दे दी। अधिकारियों के निर्देश पर सोमवार को डाकघर का संचालन पूरी तरह बंद रखा गया, जिससे डाक एवं बैंकिंग सेवाओं के लिए पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।पोस्टमास्टर विनीत बघेल ने बताया कि डाक अधीक्षक मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे। उनकी जांच पूरी होने के बाद ही डाकघर का नियमित कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा। वहीं, सहपऊ कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस चोरी के मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








