
हाथरस 20 जुलाई। आमजन को आधार संबंधी सेवाएं सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग के सहयोग से तीन स्थानों पर विशेष आधार कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से नागरिक आधार नामांकन, आधार अद्यतन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य डाकघर हाथरस, पोस्ट ऑफिस कैंप हसायन तथा विकास भवन परिसर, हाथरस में 21 जुलाई से 23 जुलाई तक तीन दिवसीय विशेष आधार कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शुरू होंगे। उन्होंने बताया कि इन विशेष शिविरों में नए आधार कार्ड का नामांकन, आधार में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर सहित अन्य आवश्यक संशोधन एवं अद्यतन से संबंधित सभी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे लोगों को आधार सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि जिन नागरिकों को नया आधार बनवाना है अथवा आधार में किसी प्रकार का संशोधन, अद्यतन या अन्य कार्य कराना है, वे निर्धारित तिथियों में अपने निकटतम विशेष आधार कैंप में पहुंचकर सेवाओं का लाभ अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य पात्र नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं सरल, सुलभ एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








