Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 जुलाई। श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड स्थित गौमाता एवं श्री गिरिराज भगवान के पावन सानिध्य में श्याम गंगा इंडस्ट्रीज एवं श्याम गंगा एंटरप्राइजेज के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के तृतीय दिवस परम पूज्य आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज ने ध्रुव चरित्र, महाराज पृथु चरित्र, अजामिल उपाख्यान, भक्त प्रह्लाद तथा भगवान श्रीनृसिंह अवतार की दिव्य एवं प्रेरणादायी कथाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। कथाव्यास ने ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि मात्र पांच वर्ष की आयु में ध्रुव ने अपमान को अपनी तपस्या का संकल्प बनाया और भगवान श्रीहरि की कठोर आराधना कर ध्रुवपद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ निश्चय, अटूट श्रद्धा और ईश्वर के प्रति समर्पण से असंभव प्रतीत होने वाले कार्य भी संभव हो जाते हैं। भगवान अपने सच्चे भक्त की पुकार अवश्य सुनते हैं।

महाराज पृथु के चरित्र का वर्णन करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि आदर्श शासक वही होता है जो अपनी प्रजा को संतान समान मानकर उसके सुख-दुख का ध्यान रखे। धर्म, न्याय और लोककल्याण की भावना ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है। महाराज पृथु ने अपने आदर्श शासन से धर्म की स्थापना करते हुए प्रजा का कल्याण किया। अजामिल उपाख्यान का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान के नाम का स्मरण कभी निष्फल नहीं जाता। जीवन के अंतिम क्षणों में भी श्रद्धापूर्वक भगवान का नाम लेने से जीव का कल्याण होता है। भक्त प्रह्लाद एवं भगवान श्रीनृसिंह अवतार की कथा सुनाते हुए आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज ने कहा कि भगवान अपने भक्तों की रक्षा के लिए किसी भी रूप में अवतरित हो सकते हैं। जब अत्याचारी हिरण्यकशिपु ने भक्त प्रह्लाद पर अनेक अत्याचार किए, तब भगवान श्रीहरि ने श्रीनृसिंह अवतार धारण कर अपने भक्त की रक्षा की और अधर्म का अंत किया। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है।

कथा के दौरान श्रीकृष्ण गौशाला का विशाल पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। श्रद्धालु पूरे समय भक्ति रस में सराबोर होकर कथा श्रवण करते रहे। आयोजन समिति के गोविंद बल्लभ ने बताया कि 21 जुलाई को कथा के चतुर्थ दिवस भगवान श्रीराम जन्मोत्सव एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन, आकर्षक झांकियां तथा विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। कार्यक्रम में गिरराज किशोर अग्रवाल, अजय अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, अनुपम अग्रवाल, आयुष्मान बंसल, कुशाग्र बंसल, पंकज खंडेलवाल, गोविंद बल्लभ, श्यामसुंदर शर्मा (बंटी भैया), पवन अग्रवाल, डॉ. रघुकुल दुबे, शिवशंकर (साइकिल वाले), अनुप अग्रवाल (उदय केमिकल), प्रशांत बग्गा (प्रशांत ट्रेडिंग कंपनी), अन्नी वार्ष्णेय, शैलेश अग्रवाल, पुष्पलता अग्रवाल, सीमा, शीतल, रेनू अग्रवाल, मीनाक्षी शर्मा, राशि, संगीता, रश्मि जैन, विनीता दुबे, सीमा मित्तल, नीमा अग्रवाल, अचल अग्रवाल, बीनू मित्तल, विनीता गर्ग, ललित किशोर अग्रवाल, राजकुमारी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 21 जुलाई को सपरिवार उपस्थित होकर भगवान श्रीराम जन्मोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दिव्य उत्सव का पुण्य लाभ प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page