
हाथरस 18 जुलाई। थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव जुलाकर में दबंगों द्वारा एक परिवार के घर पर ईंट-पत्थरों से हमला करने, घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव जुलाकर निवासी संतोष कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम गांव के रामकिशन, हरिकृष्ण तथा उनकी पत्नियां एकराय होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने घर को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपित घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते हुए गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित धमकियां देते हुए वहां से फरार हो गए। संतोष कुमार का कहना है कि पूरी घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है, जिसमें आरोपितों द्वारा पथराव और गाली-गलौज करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने यह भी बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी आरोपितों ने इसी प्रकार की घटना को अंजाम दिया था और लगातार परिवार को भयभीत कर रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





