
हाथरस 18 जुलाई। पति की मृत्यु के बाद एक महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर घर से निकालने, मारपीट करने तथा देवर और जेठ पर छेड़छाड़ व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाथरस जंक्शन क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह 27 नवंबर 2021 को हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ही एक युवक से हुआ था। विवाह में उसके पिता ने ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुर, सास, जेठ, जेठानी, देवर और ननद अतिरिक्त दहेज के रूप में प्लॉट खरीदने के लिए तीन लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। महिला ने बताया कि उसके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। बच्चों के जन्म के बाद भी उत्पीड़न कम नहीं हुआ। आरोप है कि ससुराल पक्ष बेटी के जन्म को लेकर ताने देता था और दहेज की मांग पूरी करने का दबाव बनाता था। पीड़िता का आरोप है कि पति के जीवित रहते उसका जेठ अकेला पाकर उसके साथ अशोभनीय हरकतें और छेड़छाड़ करता था। 2 मार्च 2025 को पति की मृत्यु के बाद अगले ही दिन ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे दोनों बच्चों सहित गांव के बाहर छोड़ दिया और कहा कि जब तक तीन लाख रुपये लेकर नहीं आएगी, तब तक घर में प्रवेश नहीं मिलेगा। विरोध करने पर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि देवर और जेठ उसके साथ अश्लील हरकतें करते थे और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते थे। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





