Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 जुलाई। शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर आज अटेवा (ऑल टीचर्स एंड एम्प्लॉइज वेलफेयर एसोसिएशन) हाथरस के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने समायोजन प्रक्रिया, चयन वेतनमान और सेवानिवृत्त शिक्षकों की लंबित पेंशन सहित विभिन्न मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की। अटेवा के जिला महामंत्री रविकांत वर्मा ने बताया कि बीएसए से अनुरोध किया गया कि समायोजन सूची जारी करने से पहले विषयवार विसंगतियों को दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया 30 सितंबर तक चलती है, इसलिए समायोजन भी 30 सितंबर की छात्र संख्या के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि जिन विद्यालयों में आरटीई अधिनियम के मानकों के अनुसार पर्याप्त शिक्षक कार्यरत हैं, वहां किसी भी शिक्षक को विषय आधारित सरप्लस न घोषित किया जाए। इसके अलावा, जिन शिक्षकों की इसी शैक्षणिक सत्र में सेवानिवृत्ति प्रस्तावित है, उन्हें पूर्व की भांति समायोजन प्रक्रिया से बाहर रखा जाए। प्रतिनिधिमंडल ने चयन वेतनमान की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा गत वर्ष सेवानिवृत्त हुए उन शिक्षकों की लंबित पेंशन संबंधी पत्रावलियों का शीघ्र निस्तारण कराने की भी मांग की, जिनकी पेंशन किसी कारणवश अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। अटेवा पदाधिकारियों ने कहा कि इससे सेवानिवृत्त शिक्षक और उनके परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और उनका समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर तरुण विजय सेंगर, मोहित उपाध्याय, अंजू गुप्ता, धीरेंद्र चौधरी, माधुरी सेंगर, डॉ. गोपाल, दुष्यंत कुमार, राघवेंद्र सिंह, संजीव शर्मा, हुकुम सिंह, अशोक चौहान, राकेश भारती, सुशीला देवी, राजकुमार माहौर, चंद्रभान सिंह, उर्मिला, कल्पना सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page