Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 16 जुलाई। तहसील को नई एसडीएम मिल गई हैं। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने ऋतु सिरोही को सादाबाद में तैनात किया है। ऋतु सिरोही ने आज तहसील पहुंचकर विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण किया। उनकी यह तैनाती निवर्तमान एसडीएम मनीष चौधरी के बाहरी जनपद स्थानांतरण के बाद हुई है। कार्यभार ग्रहण के दौरान निवर्तमान एसडीएम मनीष चौधरी ने ऋतु सिरोही का स्वागत किया। उन्होंने नई एसडीएम को चार्ज सौंपा और तहसील के प्रशासनिक कार्यों, लंबित मामलों, राजस्व संबंधी कार्यों तथा क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके बाद, तहसीलदार हेमंत चौधरी ने नई एसडीएम को तहसील परिसर का निरीक्षण कराया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं, अभिलेखागार, न्यायालय कक्ष और अन्य कार्यालयों की जानकारी दी। तहसीलदार ने राजस्व कार्यों की वर्तमान स्थिति और तहसील क्षेत्र की प्रशासनिक एवं राजस्व व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया। तहसील परिवार की ओर से नई एसडीएम ऋतु सिरोही का स्वागत किया गया। तहसीलदार हेमंत चौधरी के साथ नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा और वैष्णवी शर्मा ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यभार संभालने के बाद एसडीएम ऋतु सिरोही ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध प्रशासन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और राजस्व एवं जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त न करने की बात कही। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page