
हाथरस 16 जुलाई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में आज थाना हाथरस गेट क्षेत्र सहित जनपद के विभिन्न स्थानों पर यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित स्थलों तथा बॉर्डर क्षेत्रों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की सघन जांच की गई। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की। इस दौरान ओवरलोड वाहन, क्षमता से अधिक सवारियां, शराब पीकर वाहन चलाना, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, दोषपूर्ण नंबर प्लेट, ओवरस्पीडिंग सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 250 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 30 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए चारपहिया वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही वाहन निर्धारित स्थान पर पार्क करने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निर्धारित गति से वाहन चलाने तथा मोबाइल फोन पर बात करते हुए या नशे की हालत में वाहन न चलाने की सलाह दी गई। इसके अलावा वाहनों में काली फिल्म, हूटर, प्रेशर हॉर्न एवं मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













