
हाथरस 16 जुलाई। जनपद में किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने आज पीसीएफ बफर गोदाम रूहेरी, बीपेक्स रूहेरी तथा सासनी स्थित खाद विक्रेता का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी निखिल देव तिवारी एवं सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता राकेश शंकर श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
पीसीएफ बफर गोदाम रूहेरी का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान गोदाम से 22.50 मीट्रिक टन यूरिया बीपेक्स बांधनू के लिए ट्रक में लोड किया जा रहा था। सीडीओ ने भंडार नायक से डिस्पैच ऑर्डर एवं केंद्रवार उर्वरक आवंटन पत्र प्रस्तुत करने को कहा। डिस्पैच ऑर्डर उपलब्ध कराया गया, लेकिन केंद्रवार आवंटन पत्र मौके पर उपलब्ध नहीं मिला। इस पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को निर्देश दिए गए कि भविष्य में दोनों अभिलेख गोदाम पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें और उसी के अनुसार उर्वरकों का प्रेषण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि छह सहकारी समितियों, एक पीसीएफ केंद्र एवं एक इफको केंद्र पर कुल 150 मीट्रिक टन यूरिया भेजा जाना है। स्टॉक पंजिका के अनुसार गोदाम में 2560.590 मीट्रिक टन (56,902 बैग) यूरिया उपलब्ध पाया गया। सीडीओ ने पीसीएफ ठेकेदार को समयबद्ध ढंग से उर्वरकों का प्रेषण करने तथा लोडिंग के दौरान बैगों में हुक का प्रयोग न करने के निर्देश दिए।
बीपेक्स, रूहेरी में स्टॉक का किया सत्यापन
बीपेक्स केंद्र पर निरीक्षण के दौरान समिति सचिव विजय शर्मा एवं आंकिक आर्यन उपाध्याय उपस्थित मिले। केंद्र पर 420 बैग यूरिया एवं 475 बैग डीएपी का स्टॉक मिला, जिसका पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक से मिलान किया गया। इस दौरान उर्वरक लेने पहुंचे किसानों से भी सीडीओ ने बातचीत की। किसानों ने पॉस मशीन का सर्वर डाउन रहने के कारण उर्वरक वितरण में देरी की समस्या बताई। इस पर जिला कृषि अधिकारी को संयुक्त कृषि निदेशक (उर्वरक) से पत्राचार कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए। इसके अलावा इफको नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के व्यापक प्रचार-प्रसार, किसान दिवसों पर स्टॉल लगाने तथा ड्रोन के माध्यम से नैनो उर्वरकों के छिड़काव के लिए किसानों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। समिति सचिव को प्रत्येक किसान का मोबाइल नंबर एवं फार्मर रजिस्ट्री विवरण दर्ज करने के लिए कहा गया।
सासनी के खाद विक्रेता को दिए निर्देश
सासनी स्थित मै. चन्द्रमोहन अग्रवाल खाद डीलर के निरीक्षण में फर्म पर 562 बैग यूरिया का स्टॉक पाया गया, जिसका पॉस मशीन से मिलान कराया गया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक एवं मूल्य बोर्ड अपडेट नहीं मिला, जिसे मौके पर ही सही कराया गया। फर्म स्वामी को भविष्य में स्टॉक एवं दर बोर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। फर्म स्वामी द्वारा यूरिया 270 रुपये प्रति बैग (लेबर चार्ज सहित) बेचने की जानकारी देने पर सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसान स्वयं बैग उठाता है तो निर्धारित मूल्य 266.50 रुपये प्रति बैग पर ही यूरिया उपलब्ध कराया जाए तथा लेबर चार्ज अलग से केवल आवश्यकता होने पर ही लिया जाए। साथ ही खाद के सुरक्षित भंडारण, प्रत्येक किसान की खतौनी/जोतबही एवं मोबाइल नंबर दर्ज करने तथा किसानों को नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के लाभ बताकर इनके उपयोग के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी एवं सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को निर्देशित किया कि जनपद के किसानों को बिना किसी अनावश्यक टैगिंग के उच्च गुणवत्ता वाले उर्वरक उचित मूल्य पर सुगमता से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
Next News :-हाथरस के 65 विद्यालयों का औचक निरीक्षण, मिड-डे मील और दूध वितरण व्यवस्था मिली संतोषजनक
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













