
हाथरस 15 जुलाई। आज थाना कोतवाली सदर, हाथरस गेट तथा यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों एवं संवेदनशील तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच की गई। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान के दौरान ओवरलोड वाहनों, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां ले जाने वाले वाहनों, शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव), बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, दोषपूर्ण नंबर प्लेट, ओवरस्पीडिंग सहित विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की सघन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 150 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 16 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए अपील की कि चार पहिया वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साथ ही वाहन हमेशा निर्धारित स्थान पर पार्क करें और वाहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। पुलिस ने लोगों से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निर्धारित गति से वाहन चलाने, नशे की हालत में अथवा मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन न चलाने, वाहनों में काली फिल्म, हूटर, प्रेशर हॉर्न एवं मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने की भी अपील की। पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और सभी लोग सुरक्षित रहेंगे।









