
आगरा 14 जुलाई। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 20808 हीराकुंड एक्सप्रेस को लेकर रेलवे संचालन स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के बीच हुए विवाद का मामला तूल पकड़ गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरपीएफ के पांच कर्मियों, जिनमें एक निरीक्षक भी शामिल है, को निलंबित कर दिया है। मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई को सुबह ट्रेन संख्या 20808 आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर निर्धारित समय पर पहुंची और कुछ मिनट बाद रवाना हो गई। इसी दौरान एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। घटना को देखकर डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट (इंडोर) नरेंद्र सिंह चाहर ने सुरक्षा की दृष्टि से ट्रेन के गार्ड को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को कुछ समय के लिए रोका गया ताकि यात्री सुरक्षित रूप से सवार हो सके। आरोप है कि ट्रेन रुकने के बाद RPF कर्मियों ने महिला यात्री को ट्रेन से नीचे उतार दिया और उससे धन की मांग की। इसके बाद डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट और RPF कर्मियों के बीच विवाद हो गया। वायरल वीडियो में रेलवे अधिकारी को कथित रूप से घसीटते हुए देखा गया, जिसके बाद मामला गंभीर हो गया। इन आरोपों की जांच जारी है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच RPF कर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। बाद में डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट से मारपीट के आरोप में तीन RPF कर्मियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मामले की निगरानी वरिष्ठ स्तर पर की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो, संबंधित कर्मचारियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।











