मुख्य चिकित्साधिकारी ने सीएचसी सासनी का किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन पर लगाई रोक

हाथरस 13 जुलाई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सासनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा व्यवस्थाओं, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज कुमार, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी चतुर सिंह, प्रमोद कुमार (एनएमए), हेमलता (एचएस) सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित मिले। मुख्य चिकित्साधिकारी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने उनके वेतन आहरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कर्मचारियों को समय पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए।






