Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 13 जुलाई । पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन और मातृ सम्मान से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को केडी विश्वविद्यालय, केडी डेंटल कॉलेज, राजीव एकेडमी सहित आर.के. ग्रुप के सभी शिक्षण संस्थानों में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्साह और उमंग के बीच पौधरोपण कर विश्वविद्यालय पदाधिकारियों, चिकित्सकों, प्राध्यापकों, छात्र-छात्राओं तथा अन्य कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। पौधरोपण अभियान में कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, डॉ. वी.पी. पांडेय, डॉ. मंजू पांडेय, डॉ. अचल शर्मा आदि ने इस बात पर जोर दिया कि पौधे लगाना जितना जरूरी है, उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना उससे भी अधिक जरूरी है। प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल पौधरोपण अभियान नहीं बल्कि अपनी मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य देगा। कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने लोगों से अपने जीवन के विशेष अवसरों पर भी पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल होगा, जब लगाए गए पौधे जीवित रहकर बड़े वृक्ष बनेंगे। कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, घटते हरित क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के बीच पौधरोपण सबसे प्रभावी उपाय है।

डॉ. वी.पी. पांडेय ने कहा कि पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, ऑक्सीजन उपलब्ध कराने, भूजल संरक्षण तथा जैव विविधता को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डॉ. मंजू पांडेय ने पौधरोपण के साथ सभी प्रतिभागियों को लगाए गए पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि मां और प्रकृति दोनों ही जीवन का मूल आधार हैं लिहाजा “एक पेड़ मां के नाम” का हिस्सा बनें और अपनी मां के लिए एक अविस्मरणीय स्मृति बनाने के लिए एक पेड़ जरूर लगाएं। प्राचार्या एनपी चानू ने कहा कि हर नागरिक यदि एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो समूचे राष्ट्र को हरा-भरा बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से सम्भव नहीं है बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। पौधरोपण अभियान प्रशासनिक अधिकारी नीरज छापड़िया, पवन कुमार आदि के प्रयासों से उत्साह और उमंग के बीच चला। सभी ने अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने और क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page