
हाथरस 12 जुलाई। उत्तर मध्य रेलवे के हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए स्टेशन परिसर में करीब 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरों की स्थापना का कार्य शुरू कर दिया गया है और रेलवे का लक्ष्य जुलाई माह के अंत तक इसे पूरा करने का है। हाथरस जंक्शन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के दौरान प्लेटफॉर्म पर काफी भीड़ रहती है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन परिसर की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे ने प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। रेलवे के रेलटेल विभाग द्वारा कैमरे लगाने का कार्य कराया जा रहा है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा यात्रियों की अधिक आवाजाही वाले अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को कैमरों की निगरानी में लाया जाएगा। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में जांच और साक्ष्य जुटाने में भी सहायता मिलेगी। प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि कैमरे लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। कैमरों के संचालन के बाद हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है।
Next News :-पुलिस के नाम पर महिला से 75 हजार रुपये की अवैध वसूली करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













