Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 12 जुलाई। मुख्य बाजार में आज सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। लवानियां प्रिंटिंग प्रेस के सामने एक जर्जर बिजली का खंभा अचानक सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां से गुजर रहे लोग बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह हुई। खंभे पर बंदरों का एक झुंड उछल-कूद कर रहा था, जिससे पहले से कमजोर हो चुका खंभा असंतुलित होकर सड़क पर आ गिरा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सुबह की सैर पर निकले लोग और वाहन चालक फुर्ती दिखाते हुए सुरक्षित बच निकले। खंभा गिरने से मुख्य बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर खंभा गिरने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह विद्युत खंभा काफी समय से नीचे से क्षतिग्रस्त था। इसकी खराब स्थिति को लेकर कई बार चिंता जताई गई थी, लेकिन समय रहते इसे बदला नहीं गया। लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा बाजार के व्यस्त समय में होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने गिरे हुए खंभे को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण किया। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नगर में सभी जर्जर विद्युत खंभों का सर्वे कर उन्हें जल्द बदला जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि इस तरह के जर्जर खंभों को चिन्हित कर हटाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page