
हाथरस 11 जुलाई। कमला बाजार स्थित श्री ठाकुर बिहारी जी महाराज मंदिर (बड़ी कोठी) में आयोजित धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला के अंतर्गत शनिवार सायं श्री गोवर्धन लीला का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर श्री बिहारी जी महाराज के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए और भक्ति-भाव से पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिर परिसर में आयोजित गोवर्धन लीला के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। मंदिर समिति द्वारा दर्शन एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। मंदिर समिति ने बताया कि धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला के तहत रविवार सायं 7 बजे मंदिर परिसर में बाबा अमरनाथ जी के दिव्य दर्शन कराए जाएंगे। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को बाबा अमरनाथ के पवित्र स्वरूप के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित पहुंचकर बाबा अमरनाथ जी के दिव्य दर्शन करने तथा धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।





















