
हाथरस 11 जुलाई। प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में संचालित विभिन्न व्यवसायों तथा टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से 211 राजकीय आईटीआई में संचालित 10 दीर्घकालीन व्यवसायों में प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 11 जुलाई से 4 अगस्त 2026 की रात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रधानाचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिकंद्राराऊ ने बताया कि विशेष सचिव, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग तथा संयुक्त निदेशक, राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए वेबसाइट www.sevtup.in पर जाकर “Online Submission of Application for Admission for Session 2026-27 for Government/Private ITI” लिंक पर क्लिक करना होगा। आवेदन से पहले मोबाइल नंबर का ओटीपी के माध्यम से सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। आवेदन पत्र भरने के बाद ऑनलाइन शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग अथवा यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा। शुल्क जमा होने के बाद अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र का प्रिंट आउट प्राप्त कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन में हुई त्रुटियों के संशोधन के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन के बाद 48 घंटे (दो दिन) का समय भी दिया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं ई-फॉर्म वेबसाइट पर उपलब्ध है। प्रवेश आवेदन शुल्क सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 250 रुपये, जबकि सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रधानाचार्य ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे प्रशिक्षण सत्र 2026-27 में प्रवेश का लाभ प्राप्त कर सकें।





















