Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 10 जुलाई। क्षेत्र के नगला शेखा गांव निवासी किसान से क्रेडिट कार्ड बंद कराने के नाम पर 19 हजार 8 रुपए की ऑनलाइन ठगी की गई है। पीड़ित ने कोतवाली में साइबर क्राइम के तहत शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। नगला शेखा निवासी भगवान सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपना एसबीआई क्रेडिट कार्ड बंद कराना चाहते थे। उन्होंने कार्ड पर बकाया राशि का भुगतान भी कर दिया था। इसी बीच, उनके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को एसबीआई का एजेंट बताया। ठग ने भगवान सिंह को बताया कि कार्ड बंद करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए भुगतान की पुष्टि करनी होगी। भगवान सिंह के अनुसार, कॉल करने वाले के पास उनके क्रेडिट कार्ड से जुड़ी कई गोपनीय जानकारियां पहले से मौजूद थीं, जिससे उन्हें उस पर विश्वास हो गया। आरोपी ने प्रक्रिया पूरी करने का बहाना बनाकर उनके मोबाइल पर आए ओटीपी की जानकारी मांगी। जैसे ही उन्होंने ओटीपी साझा किया, उनके खाते से 19 हजार 8 रुपए निकाल लिए गए। बैंक से संपर्क करने पर भगवान सिंह को ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल सादाबाद कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस साइबर अपराधों के प्रति लोगों को लगातार जागरूक कर रही है। इसके बावजूद लोग ठगों के झांसे में आ जाते हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, सीवीवी, पिन या बैंक संबंधी कोई भी गोपनीय जानकारी साझा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page