मथुरा 09 जुलाई । राजीव इंटरनेशनल स्कूल के ब्राइट स्टार स्केटर लक्ष शर्मा ने अपने नाम एक और असाधारण उपलब्धि हासिल कर समूची दुनिया में ब्रज मण्डल का गौरव बढ़ाया है। होनहार लक्ष की असाधारण उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिलने के बाद अब उसका नाम इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज हो गया है। इतनी कम उम्र में यह रिकॉर्ड बनाने वाला लक्ष देश का पहला स्केटर है। लक्ष की इस शानदार सफलता से उसके माता-पिता तथा स्कूल प्रबंधन बेहद खुश है। अब तक दर्जनों गोल्ड मेडल, ट्रॉफियां जीतने वाले लगभग सात साल के लक्ष शर्मा ने 15 फरवरी, 2026 को ऐसा कारनामा अंजाम दिया था जोकि इससे पहले मथुरा ही नहीं देश के किसी बच्चे ने नहीं किया था। लक्ष शर्मा ने वृन्दावन की व्यस्ततम सड़क पर 39 मिनट, 34 सेकेंड तथा 55 मिली सेकेंड में 13.03 किलोमीटर की दूरी तय कर हर किसी की वाहवाही लूटी थी। लक्ष की इस असाधारण उपलब्धि को पहले जहां इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह मिली वहीं अब इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी उसका नाम दर्ज हो गया है। इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होने पर होनहार लक्ष शर्मा को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।
स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने लक्ष की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए इसे मथुरा ही नहीं समूचे प्रदेश और देश के लिए असाधारण उपलब्धि बताया। श्री अग्रवाल ने छात्र का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राजीव इंटरनेशनल स्कूल का यह सितारा जिस तरह कामयाबी हासिल कर रहा है, उसे देखते हुए उम्मीद है कि स्केटिंग के खेल में वह एक दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जरूर जीतेगा। श्री अग्रवाल ने लक्ष को मिठाई खिलाकर उसका उत्साहवर्धन किया तथा उसके माता-पिता को भी इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता में उसके माता-पिता तथा कोच का अहम योगदान होता। स्कूल की प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने लक्ष को बधाई देते हुए कहा कि इस नन्हें स्टार ने अपनी बिजली सी चपलता से इंटरनेशनल स्तर पर जो सफलता हासिल की है, वह अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि लक्ष बेहद प्रतिभाशाली तथा चपल है। उसकी इसी बिजली सी चपलता ने उसे देश-दुनिया में शोहरत दिलाई है। प्रिंसिपल श्रीमती ढींगरा ने बताया कि लक्ष स्केटिंग के साथ-साथ पढ़ाई में भी बेहतर है। यही कारण है कि स्केटिंग इतनी ज्यादा पसंद होने के बावजूद वह इसे केवल दो घंटे ही समय देता है। उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव डी.एस. राठौर तथा कोच शैलेन्द्र कुमार इसे बड़ी उपलब्धि मानते हुए कहते हैं कि लक्ष शर्मा एक दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर मथुरा ही नहीं देश का गौरव बढ़ाएगा। कोच का कहना है कि वैसे तो मथुरा के कई स्केटरों ने अब तक राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं लेकिन जो बात लक्ष में है, वह औरों में नहीं है। कोच का कहना है कि लक्ष काफी मेहनती है। उसे जो करने के लिए कहा जाता है, वह मेहनत और लगन से उसे पूरा करता है।


























