Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 08 जुलाई। क्षेत्र में आज को किसानों ने आलू के गिरते दामों के विरोध में शवयात्रा निकाली। शवयात्रा भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले मथुरा अड्डा स्थित चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल से विधायक कार्यालय तक पहुंची। इस दौरान किसान हाथों में आलू, काली पट्टियां और मांगों से जुड़ी तख्तियां लिए हुए थे। किसानों ने प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम विधायक गुड्डू चौधरी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आलू की सरकारी खरीद शुरू करने, निर्यात को बढ़ावा देने, कोल्ड स्टोरेज का किराया माफ करने और किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने की मांग की गई। उन्होंने कहा- सरकार ने जल्द हस्तक्षेप नहीं किया तो हजारों आलू उत्पादक परिवार गंभीर आर्थिक संकट में फंस जाएंगे। कर्ज लेकर खेती करने वाले किसान फसल का उचित मूल्य न मिलने से अत्यधिक परेशान हैं। विधायक ने किसानों को भरोसा दिया, कि उनकी सभी मांगों को सीएम योगी तक गंभीरता से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा- आलू किसान प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। प्रदर्शन के दौरान किसान नेता चंद्रेश चौधरी ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने बताया कि बीज, खाद, सिंचाई, मजदूरी और कीटनाशकों पर भारी खर्च के बावजूद किसानों को लागत भी नहीं मिल पा रही है। बाजार में आलू की कीमतें इतनी कम हो गई हैं, कि उनकी मेहनत और फसल का मूल्य समाप्त हो गया है। आलू बेचना अब घाटे का सौदा बन गया है। कोल्ड स्टोरेज का किराया भी किसानों पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो रही है। प्रदर्शन में विश्वजीत आर्य, अशोक सिंह, श्रीराम चौधरी, तेजवीर सिंह, रघुवीर सिंह, पदम सिंह, विक्रम सिंह वर्मा, प्रेमचंद, अनोख सिंह, गोधन सिंह, दिगंबर सिंह, ओम प्रकाश सहित कई अन्य किसान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page