Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 07 जुलाई। कस्बा के नगला रति मार्ग स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक माह के मासूम बच्चे को कथित रूप से एक्सपायरी डेट की दवा दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दवा देने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। जब परिजन शिकायत लेकर दोबारा अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सक और फार्मासिस्ट द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसके विरोध में मंगलवार को किसान संगठन के पदाधिकारियों के साथ परिजनों ने सीएचसी परिसर में धरना प्रदर्शन किया। परिजनों के अनुसार, गांव इटर्नी निवासी शनि कुमार सोमवार शाम करीब चार बजे अपने एक माह के पुत्र जय को बुखार आने पर सीएचसी लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां तैनात चिकित्सक और फार्मासिस्ट ने बच्चे की जांच किए बिना ही पैरासिटामोल ड्राई सिरप ड्रॉप उपलब्ध करा दी। घर पहुंचकर दवा पिलाने के बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे उल्टी होने लगी। परिजनों का कहना है कि दवा की शीशी देखने पर उस पर अंकित एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। इसके बाद वे दोबारा अस्पताल पहुंचे और स्वास्थ्य कर्मियों से शिकायत की। आरोप है कि शिकायत करने पर चिकित्सक और फार्मासिस्ट ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा सरकारी अस्पताल आने को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कीं। बाद में पुलिस बुलाकर उन्हें कोतवाली भेज दिया गया। घटना से आक्रोशित परिजन मंगलवार को किसान संगठन के पदाधिकारियों के साथ सीएचसी परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने संबंधित चिकित्सक और फार्मासिस्ट के खिलाफ कार्रवाई तथा उन्हें हटाने की मांग की। धरने की सूचना मिलने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रकाश मोहन निमेष मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान किसान संगठन के एक पदाधिकारी और प्रभारी चिकित्साधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बातचीत विफल होने पर प्रदर्शनकारी दोबारा धरने पर बैठ गए। बाद में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एम.आई. आलम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हो गया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चिकित्साधिकारी के नाम एक लिखित ज्ञापन सौंपकर संबंधित चिकित्सक और फार्मासिस्ट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। किसान संगठन ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा। एसीएमओ डॉ. एम.आई. आलम ने बताया कि मासूम बच्चे को जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ के पास रेफर कराया गया है। उन्होंने कहा कि एक्सपायरी दवा दिए जाने और परिजनों से कथित अभद्र व्यवहार के मामले की जांच कराई जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page