
हाथरस 06 जुलाई। जिला खेल कार्यालय, हाथरस में सोमवार को जूनियर वर्ग (बालक) प्रदेश स्तरीय समन्वय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल का आयोजन किया गया। ट्रायल में जिले के विभिन्न खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन एवं ट्रायल की प्रक्रिया उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव की देखरेख में संपन्न हुई। प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को मंडल स्तरीय चयन एवं ट्रायल के लिए चुना गया। ट्रायल में अनुज चौधरी का 54 से 57 किलोग्राम भार वर्ग में चयन हुआ। अब वह मंडल स्तरीय चयन एवं ट्रायल में जनपद हाथरस का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला खेल कार्यालय के अनुसार मंडल स्तरीय चयन एवं ट्रायल 07 जुलाई, 2026 को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। जिला खेल विभाग के अधिकारियों ने चयनित खिलाड़ी को शुभकामनाएं देते हुए मंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई।


























