सिकन्दराराऊ 05 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र में एटा राजमार्ग पर रविवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गांव टोली के निकट तेज रफ्तार डग्गेमार बस ने सड़क किनारे खड़े युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।म मृतक की पहचान रोहित कुमार (35) पुत्र निवासी ग्राम करहला, थाना अकराबाद, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। वह पेशे से मोची का कार्य करते थे। परिजनों के अनुसार रोहित अपने एक बीमार रिश्तेदार को देखने एटा गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे।
बताया गया कि रविवार सुबह करीब 3 बजे रोहित ने अपनी विक्की दोपहिया वाहन गांव टोली के पास सड़क किनारे खड़ी की थी। वह शौच के लिए गए थे और लौटने के बाद सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एटा की ओर से आ रही तेज रफ्तार डग्गेमार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन कोतवाली पहुंच गए हैं और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में धड़ल्ले से संचालित हो रही डग्गेमार बसों पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मैनपुरी से अलीगढ़ मार्ग पर 15 से अधिक अवैध बसें खुलेआम संचालित हो रही हैं। इनमें अधिकांश बसें रोडवेज जैसी रंग-रोगन और डिजाइन में तैयार की गई हैं, जिससे यात्रियों को भ्रम होता है। दुर्घटनाग्रस्त बस पर भी “मैनपुरी डिपो” और “सुपरफास्ट एक्सप्रेस” लिखा हुआ था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन बसों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं और यात्रियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। फिलहाल पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।


























