Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 जुलाई। थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित कैलाश ढाबे के पास हुई चर्चित फायरिंग की घटना में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी शानू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी कार्रवाई में शानू के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। यह कार्रवाई एसओजी टीम, थाना हाथरस जंक्शन और थाना हाथरस गेट पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, 18 जून को थाना हाथरस गेट क्षेत्र के कैलाश ढाबे पर छोटू राणा और उसके साथियों तथा शानू और उसके साथियों के बीच फायरिंग की घटना हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना हाथरस गेट में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। इसके साथ ही एसओजी और सर्विलांस टीम को भी आरोपियों की तलाश में लगाया गया। पुलिस अधीक्षक ने घटना में शामिल छह आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

इस अभियान के तहत पुलिस को 3 जुलाई को पहली बड़ी सफलता मिली थी, जब 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोना ठाकुर को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद से पुलिस की टीमें अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी शानू अलीगढ़-आगरा हाईवे होते हुए अपने गांव गंगचौली जा रहा है। सूचना के आधार पर एसओजी टीम, थाना हाथरस जंक्शन और थाना हाथरस गेट पुलिस ने दयानतपुर नहर के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शानू के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शानू पुत्र मुकेश मास्टर, निवासी ग्राम गंगचौली, थाना हाथरस जंक्शन, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार शानू के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में मारपीट, एससी/एसटी एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। थाना हाथरस गेट पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page