
हाथरस 05 जुलाई । पुलिस की वर्दी पहनकर शहर में रौब झाड़ना और साथियों के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाना एक पुलिस चौकीदार को महंगा पड़ गया। इंस्टाग्राम पर वायरल हुई रील पुलिस अधिकारियों तक पहुंची तो महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच कराई गई, जिसके बाद कोतवाली सदर में तैनात पुलिस चौकीदार के खिलाफ उसी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जानकारी के अनुसार वायरल रील आगरा के भोला चौधरी नाम की इंस्टाग्राम आईडी से साझा की गई थी। वीडियो में पुलिस की वर्दी पहने एक युवक कुछ अन्य युवकों के साथ दिखाई दे रहा है। रील में बदमाशी से जुड़ा गाना लगाया गया है, जबकि एक युवक सिगरेट पीता भी नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि रील आगरा के गोल चौराहा, शास्त्रीपुरम स्थित एक कॉम्प्लेक्स के बाहर बनाई गई थी। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि वर्दी पहने दिखाई दे रहा युवक कोई पुलिस सिपाही नहीं, बल्कि कोतवाली सदर हाथरस में तैनात पुलिस चौकीदार अभिषेक शर्मा, निवासी चमन गली, सर्कुलर रोड है।
मामले की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभिषेक शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की भी पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि वीडियो में नजर आने वाले कुछ युवकों का आपराधिक प्रवृत्ति से भी संबंध होने की आशंका है, जिसके चलते पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पूरे प्रकरण की जांच जारी है। वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की भी पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


























