Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 जुलाई। विकास खंड सासनी के अंतर्गत चौपाल सागर से जगीपुर को जोड़ने वाले लिंक मार्ग पर गंदे नाले के ऊपर सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित नवीन पुल बैठ जाने से क्षेत्रीय लोगों में चिंता व्याप्त है। पुल की जर्जर स्थिति के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहनों पर हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार यह लिंक मार्ग करीब 40 गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और आम नागरिक इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। पुल के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों एवं सिंचाई विभाग को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक पुल की मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे लोगों में विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है। जगीपुर निवासी ठाकुर अनिल जादौन ने प्रशासन से जनहित में मांग की है कि पुल का तत्काल निरीक्षण कराकर उसकी शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page